पुलिस भर्ती में भ्रष्टाचार से हुआ युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ : छन्नी चंदू साहू

रिपोर्ट – मुकेश मंडावी
राजनांदगांव – पूर्व विधायक छन्नी चंदू साहू ने कहा है कि पुलिस आरक्षक भर्ती प्रक्रिया में किए गए भ्रष्टाचार से पात्र युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। लेनदेन और भ्रष्टाचार के चलते टाइमिंग टेक्नोलॉजी के जारिये अपात्र लोगों के नंबर बढ़ाए गए और पात्र युवाओं को वंचित कर दिया गया। एक तरफ प्रदेश की सरकार युवाओं को नौकरी नहीं दे पा रही है, तो वहीं दूसरी तरफ उनसे नौकरी के अवसर भी भर्ती प्रक्रियाओं में घोटाले कर छीन रही है।
जिस समय प्रदेश की सरकार अपने कार्यकाल का 1 वर्ष पूर्ण होने पर सुशासन का ढोल पीट रही थी, उस वक्त दूसरी तरफ युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करते हुए पुलिस आरक्षक भर्ती में धांधली की जा रही थी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में गड़बड़ी और घोटाले भी दोगुनी रफ्तार से बढ़ गए हैं।
पूर्व विधायक छन्नी साहू ने कहा है कि आरक्षक भर्ती के लिए युवाओं ने जी-जान लगाकर कडी़ मेहनत की हुई थी। बड़ी मुश्किल से वह भर्ती प्रक्रिया तक पहुंचे थे। ऐसे में अपात्र अभ्यर्थी को लाभ पहुंचाने के लिए डेटा एंट्री बदली गई। इस पूरी धांधली में केवल कर्मचारियों को ही दोषी बताया जा रहा लेकिन इस गड़बड़ी में अधिकारी और सरकार के मंत्री भी शामिल हो सकते हैं। निष्पक्षता से मामले की जांच होने पर सभी चेहरे सामने आ जाएंगे।
पूर्व विधायक छन्नी चंदू साहू ने कहा है कि गृह मंत्री के प्रभार जिले में आरक्षक भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी और लेनदेन के मामले में पूरी सरकार घिरी हुई है। इस भर्ती प्रक्रिया में न सिर्फ घोटाला हुआ है बल्कि युवाओं के भविष्य को भी अंधकार में धकेला गया है।
भर्ती प्रक्रिया में जांच के दायरे में आए आरक्षक ने आत्महत्या से पूर्व इस गड़बड़ी में कर्मचारियों को फंसाए जाने और अधिकारियों को बचाए जाने का स्पष्ट उल्लेख किया है, इसके बाद भी इस मामले में शामिल लोगों को बचाया जा रहा है। सरकार इस मामले में भाजपा से जुडे़ अपनों को बचाने सीबीआई जांच करने से बच रही है।