भानुप्रतापपुर/ नगर पंचायत बैठक में पार्षद प्रिया निकेश सिंह ठाकुर का NOC शुल्क प्रस्ताव पर कड़ा विरोध।

भानुप्रतापपुर नगर पंचायत बैठक में पार्षद प्रिया निकेश सिंह ठाकुर का NOC शुल्क प्रस्ताव पर कड़ा विरोध
भानुप्रतापपुर, 13 अगस्त। नगर पंचायत भानुप्रतापपुर की परिषद बैठक में वार्ड क्रमांक 01 की पार्षद प्रिया निकेश सिंह ठाकुर ने विकास निर्धारण शुल्क (NOC शुल्क) के प्रस्ताव का तीखा विरोध किया। यह शुल्क घर निर्माण, दुकान खोलने या किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य के दौरान आम जनता से वसूला जाता था, जिसे पार्षद ने “जनता की जेब पर अनावश्यक बोझ और लूट” करार दिया।
बैठक में अपनी बात रखते हुए पार्षद प्रिया निकेश सिंह ठाकुर ने कहा, “जनता पहले ही महंगाई और बेरोजगारी की मार झेल रही है। ऐसे में इस प्रकार का शुल्क जनता की जेब पर डाका है। कांग्रेस पार्टी हमेशा जनहित के लिए खड़ी है और इस तरह के जनविरोधी प्रस्तावों का पुरजोर विरोध करती रहेगी।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह शुल्क गरीब और मध्यम वर्ग के सपनों पर सीधा प्रहार है, क्योंकि यह उनके घर बनाने और व्यवसाय शुरू करने के अधिकार को महंगा और कठिन बना देता है। पार्षद ने नगर पंचायत से मांग की कि इस प्रस्ताव को तुरंत निरस्त किया जाए और भविष्य में किसी भी प्रकार के जनविरोधी निर्णय से पहले आम जनता की राय अवश्य ली जाए। पार्षद प्रिया निकेश सिंह ठाकुर के इस कड़े रुख से नगर पंचायत प्रशासन पर शुल्क नीति की समीक्षा करने का दबाव बढ़ गया है।