
हांकेर विद्यालय में भारतीय किसान संघ के संयुक्त तत्वावधान में हुआ पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।
पखांजूर। क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हांकेर में मंगलवार को एक विशेष पर्यावरणीय पहल के अंतर्गत भारतीय किसान संघ के संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पौधा रोपण किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं, ग्रामवासियों एवं किसान संघ के पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण शपथ के साथ की गई। इसके पश्चात विभिन्न प्रकार के छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। विद्यालय परिसर को हरित बनाने की दिशा में यह एक अहम कदम बताया जा रहा है। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने पौधारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
भारतीय किसान संघ के सुजन कुमार दास ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तापमान और घटते वन क्षेत्र को देखते हुए हर व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि यह पहल केवल एक दिन का कार्यक्रम न होकर एक सतत अभियान है, जिसके माध्यम से हर स्कूल और गांव को हराभरा बनाने का प्रयास किया जाएगा।
विद्यालय के प्राचार्य गोपाल चंद्र दास ने भारतीय किसान संघ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आज की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी लगाए गए पौधों की देखभाल स्वयं विद्यार्थी करेंगे, जिससे उनमें जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का विकास होगा। शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष किशोर हावलदार ने कहा कि यह पौधारोपण कार्यक्रम न केवल एक पर्यावरणीय कदम था, बल्कि यह भावी पीढ़ियों में प्रकृति के प्रति जागरूकता जगाने की प्रेरक पहल के रूप में भी देखा जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पौधों की सुरक्षा का संकल्प लिया और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में लगातार कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर ग्रामीण जनप्रतिनिधि, भारतीय किसान संघ से सदस्य, पंचायत सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।